जब व्यक्ति समाज कल्याण के लिए योगदान देगा, तभी राष्ट्र सशक्त, समृद्ध और विकसित बनेगा : सुमन सैनी

हम सभी का जीवन केवल अपने लिए नहीं, बल्कि समाज और देश के हित में समर्पित होना चाहिए

महापुरूषों ने अपने जीवन से समाज को समानता, शिक्षा और न्याय का मार्ग दिखाया

चंडीगढ़, 20 दिसंबर : हरियाणा के मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी एवं हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष सुमन सैनी ने कहा कि समाज और राष्ट्र की निरंतर प्रगति के लिए प्रत्येक नागरिक को किसी न किसी रूप में सेवा कार्यों से जुड़ा रहना चाहिए। हम सभी का जीवन केवल अपने लिए नहीं, बल्कि समाज और देश के हित में समर्पित होना चाहिए। जब प्रत्येक व्यक्ति अपने कर्तव्यों को समझते हुए समाज कल्याण के लिए योगदान देगा, तभी राष्ट्र सशक्त, समृद्ध और विकसित बन सकेगा।

उपाध्यक्ष सुमन सैनी ने यह बात आज सैनी कर्मचारी वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा सिविल सचिवालय द्वारा चण्डीगढ़ में आयोजित महाराजा शूरसैनी जयंती समारोह में उपस्थित जनों को सम्बोधित करते हुए कही।

 

Advertisement

महापुरूषों ने बिना भेदभाव के समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए किया कार्य

उन्होंने कहा कि हमारे लिए महाराजा शूरसैनी, महात्मा ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले सच्चे प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने अपने जीवन से समाज को समानता, शिक्षा और न्याय का मार्ग दिखाया। इन महापुरुषों ने बिना भेदभाव के समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य किया। हमें उनके विचारों, मूल्यों और दिखाए हुए रास्ते पर चलना चाहिए। जब हम उनके सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाएंगे, तभी समाज में सकारात्मक परिवर्तन आएगा। इससे आने वाली पीढ़ियों को भी सही दिशा मिलेगी और वे भी उन्हीं आदर्शों पर चलकर एक बेहतर, शिक्षित और समान समाज का निर्माण कर सकेंगी।

 

मेहनत और ईमानदारी से कोई भी ऊँचे पद तक पहुँच सकता है

सुमन सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने एक किसान और गरीब परिवार के बेटे को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया। यह फैसला आम लोगों के लिए प्रेरणादायक है, क्योंकि मेहनत और ईमानदारी से कोई भी ऊँचे पद तक पहुँच सकता है। मुख्यमंत्री दिन-रात प्रदेश की जनता की सेवा में लगे हुए हैं और राज्य के विकास के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। सड़कों, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे अन्य क्षेत्रों में तेजी से विकास हो रहा है और प्रदेश आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि एक नेता किसी एक समाज या वर्ग का नहीं होता, बल्कि वह पूरे प्रदेश और 36 बिरादरी का होता है। मुख्यमंत्री सभी वर्गों को साथ लेकर चल रहे हैं और सबके हित में निर्णय ले रहे हैं, जिससे समाज में समानता और भाईचारे की भावना मजबूत हो रही है।

  

समाज में फैली कुरीतियों को खत्म करने के लिए हम सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे

उपाध्यक्ष ने कहा कि समाज में फैली हुई कुरीतियों को खत्म करने के लिए हम सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। केवल सरकार या किसी एक व्यक्ति के प्रयास से यह संभव नहीं है, बल्कि पूरे समाज को जागरूक होकर आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि जब समाज में शिक्षित लोग आगे बढ़ते हैं, तब वे सही और गलत का अंतर समझते हैं और समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षा के माध्यम से ही कुरीतियों को दूर किया जा सकता है।

हमें अपनी आने वाली पीढ़ी को देनी होगी अच्छी शिक्षा

उन्होंने कहा कि हमें अपनी आने वाली पीढ़ी को अच्छी शिक्षा देनी होगी, ताकि वे संस्कारवान, जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बन सकें। साथ ही, हमें अपने महापुरुषों द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलना चाहिए, क्योंकि उनके विचार और संघर्ष आज भी हमारे लिए प्रेरणा हैं। जब हम शिक्षा और संस्कार को साथ लेकर चलेंगे, तभी समाज में सकारात्मक परिवर्तन आएगा और एक बेहतर, सभ्य और सशक्त समाज का निर्माण होगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के एडीसी महिंद्र सिंह, एचपीएससी के उप सचिव सतीश कुमार, बागवानी विभाग के निदेशक अर्जुन सैनी, सीनियर एडवोकेट जनरल प्रीतम सिंह, सैनी कर्मचारी वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा सिविल सचिवालय के पदाधिकारी व अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh