आधा गिलास लस्सी और एक लंगोटी में जीवनयापन करने वाले संत चिरंजीपुरी जी समाज के लिए प्रेरणा : ऊर्जा मंत्री अनिल विज

भगवान श्रीकृष्ण के गीता ज्ञान की गंगा से कुरुक्षेत्र का बढ़ा आकर्षण : अनिल विज

विज का आह्वान – समाज में लोगों को सुख की प्राप्ति के साथ जनसेवा के कार्यों में भी लेना चाहिए हिस्सा

न्यूज़म ब्यूरो

कुरुक्षेत्र / चण्डीगढ, 16 जनवरी : हरियाणा के ऊर्जा एवं परिवहन मंत्री अनिल विज ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र में गीता का उपदेश देकर इस धरा का आकर्षण बढ़ा दिया है। इस धरा पर ज्ञान की जो गंगा बही, वह विश्व का मार्गदर्शन बन रही है और इस ज्ञान की गंगा से समाज को भी नई दिशा मिल रही है।

Advertisement

ऊर्जा मंत्री आज कुरूक्षेत्र में महंत चिरंजीपुरी जी महाराज के 96वें जन्मदिवस पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। कार्यक्रम में पहुंचने पर मंदिर के ट्रस्टियां द्वारा उनका पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। उन्होंने महंत चिरंजी पुरी जी महाराज के समक्ष नतमस्तक होकर आशीर्वाद प्राप्त किया। श्री विज ने इस अवसर पर 100 बेड के अस्पताल के लिए 30 लाख रुपये की अनुदान राशि देने की घोषणा की। 

विज ने कहा कि महंत चिरंजी पुरी जी महाराज पिछले 40 सालों से आधा गिलास लस्सी और एक लंगोटी में अपना जीवनयापन कर रहे हैं, उनकी तपस्या और त्याग समाज के लिए प्रेरणा है। श्री ब्रहमपूरी अन्न क्षेत्र आश्रम ट्रस्ट कुरुक्षेत्र अष्टदश विभूति ज्ञान द्वारा 18 मंजिला मंदिर बनाया गया। ट्रस्ट द्वारा धर्मशाला संचालित है, जिसमें कुरुक्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आश्रय मिल रहा है। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट द्वारा ब्रहमसरोवार के नजदीक 100 बेड का अस्पताल बनाया जाएगा, उससे स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी और समाज के हर व्यक्ति को सहजता के साथ इलाज सुविधा मुहैया होगा।

जनसेवा सबसे बड़ा पुण्य का कार्य : विज
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि समाज में हर व्यक्ति सुख की प्राप्ति के लिए भागदौड़ कर रहा है, लेकिन जन सेवा सबसे बड़ा पुण्य कार्य है। उन्होंने आह्वान किया कि हर व्यक्ति को समाजसेवा में अपना योगदान देना चाहिए। समाज से जो कुछ प्राप्त करते हैं तो समाज का हमारे ऊपर ऋण चढ़ता है। ऋण उतारने का एक ही तरीका है, जन सेवा के कार्यों में हिस्सेदारी की जाए, यदि व्यक्ति समाज सेवा के कार्यों में अपना योगदान नहीं देगा तो उसे समाज का ऋण उतारने के लिए धरती पर बार-बार जन्म लेना पड़ेगा।

समाज सेवा से मिलती है नई प्रेरणा : विज
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने महंत चिरंजीपुरी जी महाराज द्वारा पिछले 40 सालों से आधा गिलास लस्सी और एक लंगोटी में जीवन यापन करने की सराहना करते हुए कहा कि दुनिया में कोई व्यक्ति भूखा न सोए और सभी को आश्रय मिले, यह ऐसे तपस्वियों के तप और त्याग के चलते ही संभव है। उन्होंने वैज्ञानिकों को आह्वान किया कि यदि भक्ति की शक्ति देखनी है तो महंत चिरंजीपुरी जी महाराज के आश्रम में आकर देखें कि एक संत आधा गिलास लस्सी पीकर समाज को नई दिशा दिखा रहा है।

इस मौके पर चिरंजी पुरी जी महाराज द्वारा ऊर्जा मंत्री को पगड़ी पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया तथा ऊर्जा मंत्री द्वारा महाराज के जन्म दिवस पर जरूरतमंद व्यक्तियों को कंबल भी वितरित किए। इस मौके पर राधे श्याम, सुभाष जिंदल, आम आदमी पार्टी हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ सुशील गुप्ता, नवीन, हरि ओम, सतपाल सिंगला, राजेश, जगदीश अग्रवाल, डा.पवन गोयल, रामपाल सिंगला, लच्छी राम मित्तल, सतीश कुमार मित्तल, राज गोयल, विजय गोयल, नरेन्द्र बिंदल, धर्मपाल, बृज भूषण सहित अन्य व्यक्ति उपस्थित थे।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh