चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने पुलिस बल प्रमुख को लेकर तस्वीर साफ कर दी है। रविवार को प्रदेश की होम सेक्रेटरी डॉ सुमिता मिश्रा के ऑफिस से जारी हुए आदेश में स्पष्ट कर दिया गया है कि 1990 बैच के वरिष्ठतम आईपीएस शत्रुजीत कपूर को डीजीपी पद से मुक्त कर दिया गया है और अभी तक अतिरिक्त कार्यभार के तौर पर सम्भाल रहे हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन के चेयरमैन पद पर नियुक्ति कर दी है।

हरियाणा में डीजीपी चार्ज को लेकर जारी हुए आदेश में बताया गया है कि कार्यवाहक डीजीपी का जिम्मा सम्भाल रहे 1992 बैच के आईपीएस ओपी सिंह पुलिस बल प्रमुख होंगे। पुलिस प्रमुख नियुक्त होने से तकनीकी रूप से इस पद पर अभी तक आसीन शत्रुजीत कपूर के पास अब पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन के चेयरमैन का ही कार्यभार शेष रह गया है, जबकि ओपी सिंह के पास दो अन्य जिम्मेवारियां भी रहेंगी। इनमें हरियाणा स्टेट नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के डीजी समेत मधुबन स्थित फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी के डायरेक्टर का चार्ज भी शामिल है। ओपी सिंह को अगले आदेश तक कार्यवाहक डीजीपी की जिम्मेवारी दी गई है।

बता दें कि डीजीपी शत्रुजीत कपूर दो माह के अवकाश पर थे, जिसकी अवधि 14 दिसंबर को पूरी होनी थी, ऐसे में हरियाणा सरकार ने आज रविवार को ही नई नियुक्ति आदेश निकाल कर स्थिति साफ कर दी है कि अब शत्रुजीत कपूर डीजीपी नहीं, चेयरमैन पद पर आसीन होंगे।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।