स्पीकर कल्याण ने केपटाउन में हुए CPA सम्मेलन के अनुभव किए साझा

पुस्तक विमोचन के अवसर पर विस अध्यक्ष ने जनप्रतिनिधियों को कराया दायित्वबोध

विकास के साथ नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता भी जरूरी, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर दिया जोर

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 6 अक्तूबर। हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने मंगलवार को विधान सभा सचिवालय की ओर से प्रकाशित पुस्तक ‘सदस्य परिचय 2024’ का विमोचन किया। पुस्तक में 15वीं हरियाणा विधान सभा के लिए निर्वाचित 90 विधायकों का विस्तृत परिचय संकलित किया गया है।

पुस्तक में विधायकों की जन्म एवं पारिवारिक पृष्ठभूमि, शैक्षणिक योग्यता, भाषा ज्ञान, वर्तमान व्यवसाय, सामाजिक कार्यों, खेल एवं अभिरुचियां, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और शासकीय निकायों में उनकी भूमिका, सम्मेलनों में भागीदारी, रुचि के विषय, खानपान तथा विधानसभा चुनाव के परिणामों से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई है।

Advertisement

विमोचन समारोह को संबोधित करते हुए विस अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने विधायकों को उनके दायित्वों का बोध कराते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों की भूमिका केवल अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास तक सीमित नहीं है। उन्हें समाज को नागरिक कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने में भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि विकास के साथ-साथ नागरिकों में जिम्मेदारी की भावना मजबूत करना भी लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए आवश्यक है।

दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन में गत माह आयोजित राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) सम्मेलन के अनुभव साझा करते हुए हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि विधायी विषयों के क्षेत्र में भारत लगातार आदर्श स्थिति की ओर आगे बढ़ रहा है। देश की लोकतांत्रिक संस्थाएं मजबूत हैं और उनका मुख्य उद्देश्य जनकल्याण है।

उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ भविष्य की चुनौतियों को समझने और उनसे निपटने के लिए प्रभावी उपाय तलाशना जरूरी है। इसके लिए नीति-निर्माताओं, जनप्रतिनिधियों और समाज को मिलकर काम करना होगा।

विस अध्यक्ष ने प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि अब प्राकृतिक खेती की दिशा में तेजी से आगे बढ़ने की जरूरत है। इस क्षेत्र में अभी व्यापक स्तर पर कार्य किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ऊर्जा के क्षेत्र में भी सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए बड़े स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग और टिकाऊ विकास आने वाले समय की महत्वपूर्ण प्राथमिकताएं हैं। जनप्रतिनिधियों को इन विषयों के प्रति आमजन को जागरूक करने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हाल ही में हुई मुलाकात के संबंध में संवाददाताओं के सवाल पर हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि यह मुलाकात राजनीति से इतर दूरगामी दायित्वों और मार्गदर्शन से जुड़ी थी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की तीन दिशाओं में हरियाणा की सीमाएं लगती हैं और प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। ऐसे में ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में हरियाणा की विशिष्ट और महत्वपूर्ण भूमिका है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
↑
Tap to Refresh