प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश और हरियाणा प्रगति पथ पर : नायब सिंह सैनी

युवा, किसान और महिला सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकता : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

विकास और संगठन की ताकत से पंजाब में बनेगी भाजपा सरकार 

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 21 फरवरी : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अमृतसर में सैनी समाज ट्रस्ट द्वारा आयोजित मिलन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने ट्रस्ट द्वारा तैयार की गई वेबसाइट का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि इस वेबसाइट के माध्यम से समाज की गतिविधियों के साथ-साथ अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा की जाएंगी।

 

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि आज उन्हें समाज के परिवारजनों से मिलने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि जो जिम्मेदारी आज उनके पास है, वह देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सौंपी गई है। इस सम्मान के लिए उन्होंने सभी से एकजुट होकर आगामी विधानसभा चुनाव में कार्य करने और 2027 में पंजाब में भाजपा की सरकार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत तेज गति से आगे बढ़ रहा है, जो हम सभी के लिए गर्व का विषय है।

Advertisement

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर जी का 350वां शहीदी दिवस हरियाणा में गहन श्रद्धा के साथ मनाया गया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा भी निरंतर प्रगति कर रहा है। प्रदेश में सरकारी व मेडिकल कॉलेजों में किडनी रोगियों को निशुल्क डायलिसिस की सुविधा दी जा रही है। जिन परिवारों की वार्षिक आय 1 लाख 80 हजार रुपये तक है, उन्हें 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार द्वारा किए गए वादों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है। पंचायती भूमि पर 20 वर्षों से काबिज व्यक्तियों को मालिकाना हक देने का कार्य किया गया है। व्यापारियों को राहत देने के लिए विभिन्न योजनाएं लागू की गई हैं, जिनमें टैक्स पर ब्याज माफी योजना भी शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में महिलाओं के लिए लाडो लक्ष्मी योजना सहित अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं और राशि सीधे उनके खातों में स्थानांतरित की जा रही है। चौथी किस्त के अंतर्गत लगभग 634 करोड़ रुपये की राशि लाभार्थियों को भेजी गई है।

नायब सिंह सैनी ने बताया प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं शुरू की गई है किसानों के हित में ट्यूबवेल की 5 एचपी और 10 एचपी मोटरों को सोलर ऊर्जा से संचालित करने की योजना लागू की गई है, ताकि बिजली बिल में कमी आए। इस योजना में 45 प्रतिशत अनुदान हरियाणा सरकार और 45 प्रतिशत केंद्र सरकार द्वारा दिया जा रहा है, जबकि 10 प्रतिशत राशि किसान को स्वयं वहन करनी होती है। 15 एचपी तक की सोलर स्कीम भी संचालित की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा में औद्योगिक क्षेत्र को सुदृढ़ किया जा रहा है। प्रदेश में 10 आईएमटी स्थापित करने की योजना है, जिनमें से 6 पर कार्य प्रगति पर है। खेलों को बढ़ावा देने के लिए बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराया जा रहा है। हरियाणा के खिलाड़ियों ने देश में सर्वाधिक पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सैनी समाज एवं प्रबुद्धजनों से आह्वान किया कि पंजाब को मजबूत और अग्रणी राज्य बनाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा और 2027 में भाजपा की सरकार बनाने का संकल्प लेना होगा।

इस अवसर पर पूर्व राज्यसभा सांसद श्वेत मलिक, सैनी समाज सेवा ट्रस्ट के प्रधान तरसेम लाल सैनी, जनरल सेक्रेटरी जितेंद्र सिंह सैनी, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट संतोख सिंह सैनी, फाइनेंस सेक्रेटरी विनोद कुमार सैनी, उपप्रधान नंद किशोर सैनी, पूर्व विधायक बिशन सैनी, बार एसोसिएशन के प्रधान प्रदीप सैनी, हेमानी अरोड़ा सहित विभिन्न समाजों के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh