प्रभावी शासन को आमजन के करीब लाना रात्रि ठहराव कार्यक्रम का उद्देश्य : सतपाल शर्मा

अधिकतम समस्याओं का मौके पर ही किया समाधान

विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल लगाकर ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों की दी गई जानकारी

पंचकूला, 30 दिसम्बर : हरियाणा सरकार के अंत्योदय उत्थान के लक्ष्य के साथ चलाई जा रही विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ तय समय में लोगों को मिले और उनकी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निवारण किया जा सके, इसी उद्देश्य के साथ सोमवार को रायपुररानी खण्ड के गांव बागवाली में रात्रि ठहराव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान उपायुक्त सतपाल शर्मा ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और अधिकतम का मौके पर ही समाधान किया। शेष शिकायतों के लिए उन्होंने उपस्थित सम्बन्धित अधिकारियों को मौके पर ही समाधान हेतु दिशानिर्देश दिए। 

राजकीय मिडल स्कूल बागवाली में आयोजित रात्रि ठहराव में उपायुक्त के निर्देशानुसार विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल लगाकर ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी दी गई और लोगों को इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। भारी ठण्ड और कोहरे के बावजूद उपायुक्त सतपाल शर्मा ने सभी लोगों की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुना और उनका समाधान किया। गांव बागवाली पहुंचने पर सरपंच भारत भूषण, ब्लाक समिति चेयरमैन सतबीर राणा और जिला परिषद सदस्य बहादुर राणा ने उपायुक्त का स्वागत किया।

उपायुक्त सतपाल शर्मा ने ग्रामीणों से रूबरू होते हुए कहा कि हरियाणा सरकार के सुशासन के उद्देश्य में रात्रि ठहराव कार्यक्रम एक महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने कहा कि अंत्योदय उत्थान के ध्येय में यह परिवर्तनकारी प्रयास है, जिसका उद्देश्य प्रभावी शासन को ग्रामीण लोगों के करीब लाना है। यही लोकतंत्र की सही परिभाषा है, जहां जनता और शासन एक-दूसरे के सामानान्तर दिखाई दे। जन सेवा को समर्पित समाधान शिविर के साथ ही लोगों के घरद्वार उनकी जन सुनवाई करने के उद्देश्य से रात्रि ठहराव कार्यक्रम के तहत प्रशासन गांव में पहुंच रहा है।

Advertisement

 

रात्रि ठहराव कार्यक्रम के माध्यम से हो रहा आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान
उपायुक्त ने बताया कि रात्रि ठहराव कार्यक्रम सरकार का फ्लैगशिप प्रोग्राम है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कुशल नेतृत्व में सरकार द्वारा रात्रि ठहराव कार्यक्रम के माध्यम से आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। हरियाणा के मुख्यमंत्री की सोच है कि जिला प्रशासन के अधिकारी गांव में ठहरें और जनसमस्या सुनते हुए मौके पर ही उनका समाधान करें। इस दौरान उपायुक्त के समक्ष बारी-बारी से गांव के लोगों की समस्याओं को रखा गया जिस पर उपायुक्त ने अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए निर्धारित समय अवधि में समाधान के निर्देश दिए।

रात्रि ठहराव के दौरान उपायुक्त ने सुनी समस्याएं, मौके पर किया समाधान
उपायुक्त सतपाल शर्मा ने रात्रि ठहराव में ग्रामीणों की सड़क और गोहरों के निर्माण, स्कूल की चारदीवारी, स्वच्छता, बिजली और पेयजलापूर्ति आपूर्ति, तालाब के नवीनीकरण इत्यादि विषयों से सम्बन्धित कुल 30 समस्याएं सुनी और अधिकतम का मौके पर ही समाधान करते हुए शेष समस्याओं के समाधान के लिए सम्बन्धित विभागों को दिशानिर्देश भी दिए।

बागवाली स्थित राजकीय स्कूल की चारदीवारी करवाने को लेकर उपायुक्त ने सम्बन्धित विभाग को तीन दिन में एस्टीमेट तैयार कर भिजवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बजट प्राप्त होते ही चारदीवारी का काम शुरू कर इसे तय समय अवधि में पूरा किया जाए। इसके अलावा, उन्होंने स्कूल के सभी शौचालयों की मरम्मत और साफसफाई करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए एक अच्छा वातावरण उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है। गांव समनवा से बिछपड़ी को जोड़ने वाली सड़क का निर्माण कार्य लम्बे समय से लम्बित पड़े होने की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए उन्होंने कहा कि एसडीएम पंचकूला इस मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।

गांव टाबर में बीपीएल प्लाटों के उपर से हाई वोल्टेज तारों की समस्या पर उपायुक्त ने बिजली विभाग के सम्बन्धित अधिकारियों को मौका निरीक्षण करने और समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। गांव हरियोली में सुअर फार्म खोलने की वजह से गांव में दुर्गंध की शिकायत पर सम्बंधित बीडीपीओ को गांव के सरपंच के साथ मिलकर स्थिति का जायजा लेने और इस समस्या के समाधान करने के निर्देश दिए। गांव बागवाली में तालाब के नवीनीकरण की मांग पर उपायुक्त ने कहा कि इस सम्बन्ध में पंचायत द्वारा प्रस्ताव पास कर भिजवाया जाए।

 

इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त सृष्टि गुप्ता, अतिरिक्त उपायुक्त निशा यादव, एसडीएम चंद्रकांत कटारिया, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी विशाल पराशर, खण्ड विकास एवं पंचायत अधिकारी परम नंदन, जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक नितीश सिंगला, जिला समाज कल्याण अधिकारी विशाल सैनी, जिला कल्याण अधिकारी विशाल, जिला खेल अधिकारी नील कमल, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता आशीष चौहान, जन स्वास्थ्य अभियंत्रिकी विभाग के अभियंता समीर शर्मा सहित अन्य विभागों के अधिकारी और आसपास के गांव के सरपंच और ग्रामीण उपस्थित रहे।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh