आज राज्य स्तर पर मनाई जाएगी संत जगतगुरु श्री ब्रह्मानंद जी की जयंती

हरियाणा विधानसभाध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण की अगुवाई में होगा भव्य आयोजन

 

चंडीगढ़, 22 दिसंबर। महान संत जगत गुरु श्री ब्रह्मानंद जी की जयंती पर कैथल जिले के चूहड़ माजरा गांव में मंगलवार 23 दिसंबर को होने वाले राज्य स्तरीय समारोह को भव्य बनाने के लिए सभी तैयारियां कर ली गई हैं। हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण की अगुवाई में होने वाले इस समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि होंगे।

 

Advertisement

वि.स. अध्यक्ष कल्याण इस समारोह को गरिमामय एवं जनभागीदारी से परिपूर्ण बनाने के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां करवा रहे हैं। इस सिलसिले में वे जहां वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर चुके हैं, वहीं गुरु जी की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर जनसंपर्क अभियान भी चला चुके हैं।

उन्होंने करनाल, कैथल, पानीपत और कुरुक्षेत्र सहित अनेक जिलों में स्थान-स्थान पर बैठकें की हैं। घरौंडा, इसराना, इंद्री, नीलोखेड़ी, कुरुक्षेत्र, करनाल, असंध तथा पुंडरी में हुईं बैठकों में सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय कार्यकर्ताओं से व्यापक सुझाव लिए गए हैं।

 

विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा है कि महान संत गुरु श्री ब्रह्मानंद जी की जयंती को लेकर सर्व समाज में उत्साह है। यह आयोजन सामाजिक समरसता, आध्यात्मिक चेतना और गुरु परंपरा के प्रति सम्मान का प्रतीक होगा। उन्होंने कहा कि गुरु ब्रह्मानंद केवल एक संत नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और मानवता के महान पथप्रदर्शक थे। उन्होंने नारी शिक्षा, महिला सशक्तिकरण व पर्यावरण आदि विषयों पर वर्षों पहले समाज को जागरूक किया।

 

वि.स. अध्यक्ष ने कहा कि संत महापुरुष किसी एक जाति धर्म के न होकर पूरे समाज व मानवता के लिए होते हैं। इसलिए आज उनकी शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाना लोकहित में है। राज्य सरकार द्वारा महापुरुषों की जयंतियों को सरकारी स्तर पर मनाने का उद्देश्य भी उनके विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।  

 

वि.स. अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने संत समाज, सामाजिक संगठनों और सर्व समाज के लोगों से अपील की, कि वे इस पावन अवसर पर बढ़-चढ़कर भाग लें और गुरु श्री ब्रह्मानंद की शिक्षाओं को अपने जीवन में आत्मसात करें।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh