विभिन्न देशों में युद्ध की परिस्थितियों का हमें करना होगा सामना : नायब सिंह सैनी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेट्रोल व डीजल पर एक्साइज ड्यूटी को कम करके तेल के दामों को किया कम

न्यूज़म ब्यूरो

चण्डीगढ, 29 मार्च। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई देशों के बीच चल रहे युद्ध की परिस्थितियों से अवगत करवाते हुए देश के नागरिकों से एकजुट होकर कार्य करने की अपील की है। ऐसे कठिन समय में भी विपक्षी पार्टियों लगातार अफवाहों और झूठ को फैला रही हैं। हमें इन पर ध्यान देने की जरुरत नहीं है।   देश व प्रदेश में सभी प्रकार की स्थिति सामान्य है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के लोगों के घरों में लॉकडाउन लगा हुआ है और वे ही ऐसी अफवाहें फैला रहे हैं।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को कुरुक्षेत्र भाजपा जिला कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम सुनने के उपरांत पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस मौके पर हरियाणा के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, जिलाध्यक्ष तिजेंद्र सिंह गोल्डी, जिला प्रभारी दीपक शर्मा मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सवाल के जवाब में कहा कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कुछ तो झूठ फैलाना ही था। इससे पहले केजरीवाल खुद और अपने नेताओं को ईमानदार बता रहा था, पर अब देश की जनता के सामने पूरा सच आ चुका है। पंजाब की आप सरकार में नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल रही है। वहां के किसान, महिला, युवा और गरीब वर्ग सुविधाओं से वंचित है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सभी वर्गों को मूलभूत सुविधाओं मिल रही हैं। पंजाब में भी आने वाले समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनेगी।

Advertisement

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आम आदमी पार्टी को दिल्ली में भी टेंशन थी, अब पंजाब में टेंशन हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहले दिल्ली की टेंशन दूर की और अब पंजाब में भी कर दी जाएगी। प्रधानमंत्री जो काम करते हैं, उसमें दिखावा नहीं है। जबकि कांग्रेस व आम आदमी के समय में काम कम और बातें ज्यादा होती थी। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियों के शासन के समय में आमजन के लिए योजनाएं बनाई जाती थी और वे योजनाएं भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाती थी। ऐसे में नुकसान जनता का होता है। पहले दिल्ली के नागरिक और अब पंजाब के नागरिक खुद को ठगा सा महसूस कर रहे हैं। वहां की सरकार काम करने की बजाए भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे हालात को पांच साल की टर्म तक कोई कुछ नहीं कर सकता है, परन्तु चुनाव के दौरान उनके साथ हो रहे भेदभाव का जनता जवाब देगी।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पत्रकारों के सवाल पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेट्रोल व डीजल पर एक्साइज ड्यूटी को कम करके तेल के दामों को कम किया है, जबकि कई देशों के बीच चल रहे युद्ध के दौरान दूसरे देशों ने तेल के दामों में बढ़ोतरी की है। जब देश में कोई महामारी या आपदा आई है तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशवासियों ने एकजुट होकर उसका सामना किया गया है। कोरोना के दौरान देश ने दूसरे देशों को वैक्सीन तक मुहैया करवाई थी। अब इस आपदा में भी एकजुट होकर देश को जल्द ही इस समस्या से निजात मिलेगी।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh